• Home
  • फिरोजाबाद
  • नवागत बीएसए का यूटा ने किया स्वागत, शिक्षकों की समस्याओं से कराया अवगत

नवागत बीएसए का यूटा ने किया स्वागत, शिक्षकों की समस्याओं से कराया अवगत

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ (यूटा) के एक प्रतिनिधिमंडल ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय पहुंचकर नवागत बीएसए अनिल कुमार का स्वागत किया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं एवं शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। यूटा की जिलाध्यक्ष डॉ. जया शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बीएसए अनिल कुमार से मुलाकात कर विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, शैक्षिक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने तथा छात्रहित से जुड़ी योजनाओं और कार्यक्रमों के सफल संचालन पर विचार-विमर्श किया। पदाधिकारियों ने शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।

प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं और लंबित प्रकरणों को भी बीएसए के समक्ष रखा। उन्होंने शिक्षकों से संबंधित प्रशासनिक एवं सेवा मामलों के शीघ्र निस्तारण की मांग की, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। बीएसए अनिल कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शिक्षकों से जुड़े प्रशासनिक और सेवा संबंधी मामलों का समयबद्ध समाधान कराया जाएगा तथा शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस अवसर पर यूटा के महामंत्री मुकेश राजपूत, अवनिन्द्र सिंह, यतेंद्र सिंह, लोकेश दिवाकर, सतेंद्र सत्यार्थी, अमित ठाकुर, आशीष पोरवाल, सरिता शर्मा, निधि शर्मा, दिलीप यादव, दिनेश शर्मा, इंदु वत्सल दुबे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top