• Home
  • फिरोजाबाद
  • सरकार मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध – बृजेश पाठक

सरकार मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध – बृजेश पाठक

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों, तीमारदारों और चिकित्सकों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उपमुख्यमंत्री ने लगभग 11 बजे मेडिकल कॉलेज के 200 सैया अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से हालचाल जाना और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। कुछ मरीजों को चार्ट उपलब्ध न होने पर उन्होंने तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में कुछ छोटी-मोटी कमियां भी सामने आईं, जिन्हें शीघ्र सुधारने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल की सभी आवश्यकताओं की सूची तैयार कर ली गई है। जिन चिकित्सा उपकरणों, मशीनों और संसाधनों की कमी है, उन्हें जल्द ही उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि मरीजों को इलाज के लिए अन्य शहरों में न जाना पड़े। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों में उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी रमेश रंजन, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामबदन राम, सीएमएस डॉ. नवीन जैन, प्राचार्य योगेश गोयल, नगर विधायक मनीष असीजा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top