• Home
  • फिरोजाबाद
  • अक्षय तृतीया पर सैकड़ों जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

अक्षय तृतीया पर सैकड़ों जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

फिरोजाबाद। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर जनपद में विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा सर्वधर्म सामूहिक विवाह समारोहों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में सैकड़ों जोड़ों ने अग्नि के समक्ष सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। समारोहों में उपस्थित अतिथियों ने नवविवाहित दंपतियों को सुखमय दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। कोटला रोड स्थित एडवांस वाटिका में महात्मा ज्योतिबाराव फूल सेवा समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 52 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न कराया गया। इस आयोजन में डॉ. राधेश्याम कुशवाह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इसी क्रम में बाबा खाटू श्याम सेवा समिति द्वारा राधाकृष्ण गार्डन में 41 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। समिति के संस्थापक बंटू कुशवाह ने बताया कि सामूहिक विवाह का उद्देश्य अनावश्यक खर्च को रोकना और जरूरतमंद परिवारों की सहायता करना है। कांशीराम जन कल्याण सेवा समिति ने सूरतराम गार्डन, चनौरा में 21 जोड़ों का विवाह कराया, जबकि भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर लोक कल्याण समिति द्वारा शुभमंगलम गार्डन में 12 जोड़ों का विवाह वेदमंत्रों के साथ सम्पन्न हुआ।

वहीं श्री श्यामा सेवा समिति ने रामसखी गार्डन में 11 जोड़ों का विवाह कराया। इसके अलावा वीरांगना झलकारी बाई सर्व समाज एजुकेशन सोसाइटी द्वारा जलेसर रोड स्थित रामदास गार्डन में 22 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।

सभी आयोजनों में सामाजिक समरसता और सहयोग की भावना देखने को मिली। सामूहिक विवाह समारोहों के माध्यम से न केवल सामाजिक एकता को बढ़ावा मिला, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक राहत भी प्राप्त हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top