हाथरस। सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज के ऑडिटोरियम में शिक्षामित्र सम्मान समारोह एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स तथा मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन के सजीव प्रसारण के साथ किया गया। इसके उपरांत अतिथियों द्वारा शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय के प्रतीक स्वरूप डेमो चेक वितरित किए गए।
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षामित्रों का मानदेय 3500 रुपये से बढ़ाकर पहले 10 हजार और अब 18 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाना उनके महत्वपूर्ण योगदान का सम्मान है। उन्होंने कहा कि शिक्षामित्रों ने शिक्षा व्यवस्था की नींव को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि यह कार्यक्रम शिक्षामित्रों के समर्पण और सेवा भावना को सम्मानित करने का अवसर है। उन्होंने शिक्षामित्रों से आह्वान किया कि वे शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करते रहें। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षामित्र, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





