• Home
  • हाथरस
  • मंडी में चोरी की घटना से व्यापारियों में आक्रोश

मंडी में चोरी की घटना से व्यापारियों में आक्रोश

हाथरस। मंडी परिसर में हुई चोरी की घटना के बाद व्यापारियों में दहशत और आक्रोश व्याप्त है। गुरुवार को हाथरस आढ़तिया एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल उपजिलाधिकारी एवं मंडी सभापति राज बहादुर तथा क्षेत्राधिकारी सदर योगेंद्र कृष्ण नारायण से मिला और मंडी की सुरक्षा व्यवस्था पर नाराजगी जताई। व्यापारियों ने कहा कि मंडी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सुरक्षा के लिए लगाए गए संसाधन केवल दिखावे तक सीमित रह गए हैं। दिनदहाड़े व्यापारी के यहां चोरी की घटना के बाद जब पुलिस ने जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की तो अधिकांश कैमरे खराब पाए गए, जिससे व्यापारियों में भारी रोष फैल गया।

व्यापारियों का कहना था कि मंडी परिसर में तैनात सुरक्षा गार्ड अपने दायित्वों का ठीक से निर्वहन नहीं कर रहे हैं और नियमित गश्त भी नहीं की जाती, जिसका फायदा उठाकर चोर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद भी मंडी प्रशासन की ओर से खराब कैमरों को दुरुस्त कराने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से मांग की कि चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा किया जाए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

अधिकारियों ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा और मंडी की सुरक्षा व्यवस्था एवं मूलभूत सुविधाओं को शीघ्र दुरुस्त कराया जाएगा। इस दौरान प्रवीण वार्ष्णेय, उमाशंकर वार्ष्णेय, अरुण कुमार अग्रवाल, राजेश वार्ष्णेय, अंकुर अग्रवाल, योगेंद्र वार्ष्णेय, भीकमबर सिंह, सौरव अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, विनोद शर्मा, राकेश गुप्ता, नरेंद्र बंसल, कुलदीप, अमर शर्मा, मनोज, शिवशंकर गुलाटी, दीपक वार्ष्णेय, मयूर अग्रवाल, भानु प्रकाश, मनीष अग्रवाल, विशन गुप्ता, पिन्नीलाल, अमित अग्रवाल, मुकेश बंसल, ऋतिक बंसल, पीयूष अग्रवाल, लक्ष्मण खंडेलवाल और प्रमोद शर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top