• Home
  • मथुरा
  • श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं दर्शनार्थियों की सुविधाओं हेतु सरकार कटिबद्ध

श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं दर्शनार्थियों की सुविधाओं हेतु सरकार कटिबद्ध

मथुरा। सांसद हेमा मालिनी एवं उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र ने ‘मेरो मथुरा’ ऐप का शुभारंभ तथा विश्व प्रसिद्ध गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर लगाई गई 500 सोलर स्ट्रीट लाइटों का लोकार्पण किया। मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण एवं मथुरा वृंदावन नगर निगम की इन दोनों परियोजनाओं को सीएसआर फंड के अंतर्गत एचडीएफसी बैंक द्वारा पूरा कराया गया है। उद्घाटन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, नगर आयुक्त जग प्रवेश, विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन तथा एचडीएफसी बैंक के जोनल हेड प्रवीण गुप्ता और आशीष श्रीवास्तव मौजूद रहे। सांसद हेमा मालिनी ने रिमोट दबाकर सोलर स्ट्रीट लाइट एवं ‘मेरो मथुरा’ ऐप का शुभारंभ किया।

मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण एवं एचडीएफसी बैंक द्वारा लगाई गई 500 सोलर स्ट्रीट लाइटें फिलिप्स कंपनी की हैं। इन सभी लाइटों के अगले पांच वर्षों तक अनुरक्षण एवं रखरखाव का कार्य एचडीएफसी बैंक द्वारा किया जाएगा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र ने कहा कि ‘मेरो मथुरा’ ऐप शुरू होने के बाद नगर निगम की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि इस ऐप के माध्यम से नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को संपत्ति म्यूटेशन, संपत्ति कर, पेट रजिस्ट्रेशन, टॉयलेट लोकेशन, होटल, रेस्टोरेंट, मंदिरों की जानकारी, हेल्पलाइन, समाचार, जीवन पोर्टल तथा आपातकालीन सेवाओं जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने सुझाव दिया कि ‘मेरो मथुरा’ ऐप को ‘मेरो ब्रज’ ऐप से भी जोड़ा जाए, ताकि ब्रज क्षेत्र के साहित्य, मंदिरों और ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी भी एक ही मंच पर उपलब्ध हो सके। साथ ही नगर निगम को इसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने और किसी अधिकारी की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने एवं ‘मेरो मथुरा’ ऐप शुरू करने के लिए बैंक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वृंदावन परिक्रमा मार्ग एवं अन्य तीर्थ स्थलों के विकास में इसी प्रकार सहयोग मिलता रहेगा।

नगर आयुक्त जग प्रवेश एवं विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन ने सीएसआर फंड के माध्यम से सहयोग देने के लिए बैंक अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा, गोवर्धन चेयरमैन प्रभा देवी शर्मा, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी मदन चंद्र, अधिशासी अभियंता प्रशांत गौतम, अमरदीप, एई वैशाली शर्मा, क्लस्टर हेड गिरिराज अग्रवाल, ब्रांच मैनेजर जितेंद्र छाबड़ा सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन व्यास नंदन शर्मा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top