मथुरा। जनपद स्तर पर एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से आईएमए हॉल में स्वास्थ्य विभाग, आईएमए एवं जेएसआई संस्था के संयुक्त तत्वावधान में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. संजीव यादव एवं आईएमए मथुरा अध्यक्ष डॉ. बी.एस. गोयल ने संयुक्त रूप से की।
कार्यक्रम की शुरुआत आईएमए मथुरा सचिव डॉ. ललित वार्ष्णेय ने सभी अतिथियों के स्वागत के साथ की। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्य की जानकारी प्रतिभागियों को दी। जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. संजीव यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा राजस्थान के अजमेर से शुरू की गई ऐतिहासिक स्वास्थ्य पहल के अंतर्गत 14 वर्ष की किशोरियों के लिए राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद में यह अभियान मार्च 2026 से संचालित किया जा रहा है।
आईएमए मथुरा अध्यक्ष डॉ. बी.एस. गोयल ने कहा कि निजी चिकित्सालयों में यह वैक्सीन पहले से उपलब्ध थी, लेकिन अधिक कीमत के कारण आमजन इसका लाभ नहीं ले पा रहे थे। अब सरकार की पहल से सभी लक्षित लाभार्थियों को यह वैक्सीन निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आईएमए और फोगसी से जुड़े चिकित्सक अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करेंगे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रोहितास सिंह ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं जिला महिला चिकित्सालय मथुरा में यह टीका निःशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने चिकित्सकों और धार्मिक गुरुओं से टीकाकरण संबंधी भ्रांतियों को दूर करने में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में श्री फैजान अली ने एचपीवी वैक्सीन के भंडारण, परिवहन, प्रशासन की प्रक्रिया, सावधानियों एवं निगरानी संबंधी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभिभावक यू-विन पोर्टल पर स्वयं अपनी किशोरी का पंजीकरण कर टीकाकरण का लाभ ले सकते हैं।
फोगसी की प्रेसिडेंट डॉ. अंजू गुप्ता ने बताया कि विश्व स्तर पर 160 देशों में लगभग 50 करोड़ लोगों को यह वैक्सीन लगाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन सुरक्षित एवं प्रभावी है और महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वर्तिका ने बताया कि इस वैक्सीन पर व्यापक शोध किए गए हैं और पिछले दस वर्षों से उनके क्लिनिक में भी लाभार्थियों को यह टीका लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब सरकारी केंद्रों पर इसकी उपलब्धता से बेटियों के स्वास्थ्य संरक्षण में यह पहल और अधिक प्रभावी साबित होगी।





