• Home
  • National
  • अप्रैल 2026 में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची वाहन बिक्री, कीमतें बढ़ने के बावजूद मांग मजबूत

अप्रैल 2026 में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची वाहन बिक्री, कीमतें बढ़ने के बावजूद मांग मजबूत

कमल नैन नारंग: नई दिल्ली। कई वाहन कंपनियों द्वारा 1 अप्रैल 2026 से कारों और दोपहिया वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी किए जाने के बावजूद अप्रैल महीने में देश में वाहन बिक्री ने नया रिकॉर्ड बनाया। बढ़ती मांग, पिछले वर्ष जीएसटी दरों में कटौती और नए मॉडलों की लॉन्चिंग के चलते यात्री वाहन, दोपहिया और तिपहिया वाहनों की थोक बिक्री (डीलरों को भेजी गई इकाइयां) में दोहरे अंकों की वृद्धि दर्ज की गई।

यात्री वाहन बिक्री में रिकॉर्ड वृद्धि

मारुति सुजुकी को छोड़कर महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा मोटर्स, जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर और किआ इंडिया जैसी कंपनियों ने 1 अप्रैल से वाहनों की कीमतों में 3 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की घोषणा की थी। इसके बावजूद बाजार में मांग मजबूत बनी रही। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2026 में यात्री वाहन (पीवी) खंड की थोक बिक्री 25.4 प्रतिशत बढ़कर 4,37,312 इकाइयों पर पहुंच गई, जो अप्रैल 2025 में 3,48,847 इकाइयां थी। यह अब तक का सर्वाधिक मासिक बिक्री आंकड़ा है।

सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 के पहले महीने में यात्री वाहन, दोपहिया और तिपहिया सभी श्रेणियों में मजबूत वृद्धि देखने को मिली। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण कच्चे माल की कीमतों को लेकर चिंता बनी हुई है, लेकिन घरेलू मांग फिलहाल मजबूत बनी हुई है।

मारुति सुजुकी ने बनाया नया रिकॉर्ड

देश की सबसे बड़ी कार निर्माता मारुति सुजुकी ने अप्रैल में अपनी स्थापना के बाद से अब तक की सबसे अधिक मासिक बिक्री दर्ज की। कंपनी की कुल बिक्री 35.3 प्रतिशत बढ़कर 1,87,704 इकाइयों तक पहुंच गई, जबकि अप्रैल 2025 में यह 1,38,704 इकाइयां थी। कंपनी के छोटे कार सेगमेंट में भी 74.4 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की गई।

वहीं टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने अप्रैल में 59,000 इकाइयों की घरेलू थोक बिक्री दर्ज की, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की 45,199 इकाइयों की तुलना में 30.5 प्रतिशत अधिक रही।

महिंद्रा एंड महिंद्रा की घरेलू थोक बिक्री भी 8 प्रतिशत बढ़कर 56,331 इकाई हो गई, जबकि एक वर्ष पहले यह 52,330 इकाई थी।

इसके अलावा हुंडई मोटर इंडिया ने अप्रैल में 51,902 इकाइयों की घरेलू बिक्री दर्ज की, जो किसी भी अप्रैल महीने के लिए कंपनी की सर्वाधिक बिक्री है। यह पिछले वर्ष अप्रैल की 44,374 इकाइयों की तुलना में 17 प्रतिशत अधिक रही।

दोपहिया वाहनों की बिक्री में भी उछाल

सियाम के अनुसार, अप्रैल 2026 में दोपहिया वाहनों की कुल थोक बिक्री 28.4 प्रतिशत बढ़कर 18,72,691 इकाइयों पर पहुंच गई, जबकि अप्रैल 2025 में यह 14,58,784 इकाइयां थी। मोटरसाइकिलों की बिक्री 30.6 प्रतिशत बढ़कर 11,38,452 इकाइयों तक पहुंच गई, जबकि स्कूटर बिक्री 26.2 प्रतिशत बढ़कर 6,91,993 इकाइयों पर पहुंच गई।

तिपहिया वाहनों और निर्यात में भी तेजी

तिपहिया वाहन खंड की घरेलू बिक्री अप्रैल में 32.8 प्रतिशत बढ़कर 65,668 इकाइयों पर पहुंच गई, जबकि पिछले वर्ष समान अवधि में यह 49,441 इकाइयां थी। सभी वाहन श्रेणियों की कुल घरेलू बिक्री अप्रैल 2026 में 28 प्रतिशत बढ़कर 23,75,671 इकाइयों तक पहुंच गई, जो अप्रैल 2025 में 18,57,072 इकाइयां थी। निर्यात के मोर्चे पर भी भारतीय ऑटो उद्योग ने मजबूत प्रदर्शन किया। अप्रैल 2026 में कुल वाहन निर्यात 38 प्रतिशत बढ़कर 6,28,128 इकाइयों पर पहुंच गया, जबकि पिछले वर्ष इसी महीने यह 4,55,330 इकाइयां था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top