नई दिल्ली। देश भर में आयोजित की गई मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG के पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों के बीच परीक्षा रद्द किए जाने के बाद राजधानी दिल्ली में छात्रों और विभिन्न छात्र संगठनों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि NEET परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्र देशभर में सड़कों पर उतर आए हैं और सरकार को इस मामले में जवाब देना होगा। उन्होंने मांग की कि पेपर लीक मामले में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
NEET-UG पेपर लीक मामले के कथित मास्टरमाइंड पीवी कुलकर्णी की गिरफ्तारी के बाद शनिवार को दिल्ली में विरोध प्रदर्शन और तेज हो गया। NSUI और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने राजधानी के अलग-अलग इलाकों में प्रदर्शन किए। NSUI कार्यकर्ताओं ने एनटीए कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया, जबकि यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास के बाहर विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने दोनों स्थानों से कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। छात्रों और संगठनों का आरोप है कि परीक्षा प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियों ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है।
⌈ Pic and story by Kamal Nain Narang ⌋





