रायबरेली। मॉडर्न कोच फैक्ट्री रायबरेली के महाप्रबंधक रामन कृष्णन ने एनटीपीसी ऊंचाहार का दौरा किया। उनके साथ आरेडिका के प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता विवेक खरे तथा फोर्ज्ड व्हील प्लांट के सीएओ रवीश कुमार भी मौजूद रहे। परियोजना पहुंचने पर परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। दौरे के दौरान महाप्रबंधक रामन कृष्णन एवं अन्य अधिकारियों ने एनटीपीसी की कार्यप्रणाली की सराहना की। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने तथा देश को बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में एनटीपीसी की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख किया।
महाप्रबंधक ने विद्युत गृह के तीसरे और चौथे चरण के नियंत्रण कक्षों का निरीक्षण किया और विद्युत उत्पादन प्रणाली की विस्तृत जानकारी हासिल की। इसके अलावा उन्होंने बालिका सशक्तिकरण अभियान की प्रतिभागी बालिकाओं से मुलाकात की और एनटीपीसी की इस सीएसआर पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने बालिकाओं को उज्ज्वल भविष्य और सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रबंधक स्नेहा त्रिपाठी ने किया। जेम की बालिकाओं ने अतिथियों का स्वागत किया। दौरे के दौरान महाप्रबंधक और अन्य अधिकारियों ने एनटीपीसी सेफ्टी अकादमी का भी भ्रमण किया, जहां उन्होंने वर्चुअल रियलिटी मॉड्यूल एवं अन्य आधुनिक सुरक्षा व्यवस्थाओं और बेस्ट प्रैक्टिसेस का अवलोकन किया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख के साथ महाप्रबंधक आशुतोष बिस्वास, दिलीप कुमार साहू, एस.यू. हरिदास, मानव संसाधन प्रमुख पंकज कुमार, प्रीति सिन्हा, हरलीन सचदेवा, अनुराग गोरहा, एकता साहू, आरेडिका के जनसंपर्क अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव सहित एनटीपीसी ऊंचाहार की संचार टीम के सदस्य उपस्थित रहे।





