नई दिल्ली। Honda Cars India Limited ने भारतीय बाजार में अपनी लोकप्रिय सेडान नई होंडा सिटी और ग्लोबल हाइब्रिड एसयूवी ऑल न्यू Honda ZR-V e:HEV को लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इन दोनों मॉडलों को ‘दो स्पोर्टी आइकन’ के रूप में पेश किया है, जो प्रीमियम डिजाइन, स्पोर्टी परफॉर्मेंस, एडवांस टेक्नोलॉजी और बेहतर ड्राइविंग अनुभव प्रदान करेंगे।
कंपनी के अनुसार, होंडा ZR-V e:HEV का भारत में लॉन्च होना एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यह प्रीमियम हाइब्रिड एसयूवी पहले से ही वैश्विक बाजारों में लोकप्रिय रही है और अब भारतीय ग्राहकों के लिए उपलब्ध होगी। नई होंडा सिटी की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 12 लाख रुपये रखी गई है। डिजाइन के मामले में कंपनी ने कार को पहले से अधिक शार्प और प्रीमियम लुक देने का प्रयास किया है। कार में रिवाइज्ड फ्रंट ग्रिल, नया बंपर डिजाइन और नए अलॉय व्हील्स दिए गए हैं।
सुरक्षा के लिहाज से कंपनी ने एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) पैकेज पर विशेष जोर दिया है। नई अपडेटेड सिटी में पहले की तरह ‘होंडा सेंसिंग सुइट’ का सपोर्ट मिलेगा, जो ड्राइविंग के दौरान सुरक्षा को और बेहतर बनाता है। मैकेनिकल तौर पर नई सिटी में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें पहले वाला 1.5 लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो मैनुअल और CVT गियरबॉक्स दोनों विकल्पों में उपलब्ध होगा। कंपनी ने इस बार कार के पावरट्रेन में बदलाव न करते हुए इसके डिजाइन और अपील को अधिक आकर्षक बनाने पर ध्यान केंद्रित किया है।
वहीं Honda ZR-V e:HEV का सीधा मुकाबला Skoda Kodiaq और Volkswagen Tiguan जैसी प्रीमियम एसयूवी से होगा। यह एसयूवी 4569 मिमी लंबी, 1840 मिमी चौड़ी और 1620 मिमी ऊंची है, जबकि इसका व्हीलबेस 2657 मिमी रखा गया है। ZR-V e:HEV में 2.0 लीटर फोर-सिलेंडर हाइब्रिड इंजन दिया गया है, जो 180 हॉर्सपावर की क्षमता प्रदान करता है। ड्राइवर इसमें सामान्य, स्पोर्ट और इको ड्राइविंग मोड का चयन कर सकते हैं।
फीचर्स की बात करें तो कार में 9 इंच का इंफोटेनमेंट स्क्रीन, 10.2 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, हेड-अप डिस्प्ले, पावर्ड फ्रंट सीट्स, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, एंबियंट लाइटिंग, वायरलेस चार्जिंग, पावर्ड टेलगेट, पैनोरमिक सनरूफ और 12-स्पीकर साउंड सिस्टम जैसे प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं। सुरक्षा के लिए इसमें 6 एयरबैग उपलब्ध कराए गए हैं। कार में मैकफर्सन फ्रंट सस्पेंशन, मल्टी-लिंक रियर सस्पेंशन और इलेक्ट्रिक पावर स्टीयरिंग (EPS) दिया गया है, जिससे बेहतर रोड ग्रिप, स्थिरता और ड्राइविंग आत्मविश्वास मिलता है।
इस अवसर पर एचसीआईएल के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी ताकाशी नाकाजिमा, विपणन एवं बिक्री उपाध्यक्ष कुणाल बेहल तथा निदेशक विपणन एवं बिक्री युजिरो सुजिनो मौजूद रहे। – Pic & story by Kamal Nain Narang





