• Home
  • रायबरेली
  • विद्युत आपूर्ति बहाल करने में जुटा विभाग, शिकायत हेतु हेल्पलाइन जारी

विद्युत आपूर्ति बहाल करने में जुटा विभाग, शिकायत हेतु हेल्पलाइन जारी

पवन कुमार गुप्ता: रायबरेली। पिछले सप्ताह आए आंधी-तूफान के कारण क्षतिग्रस्त हुए विद्युत पोल एवं बाधित विद्युत आपूर्ति की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु विद्युत विभाग ने सुधार कार्य तेज कर दिया है। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ऊंचाहार के अधिकारी दिन-रात कार्यस्थलों का निरीक्षण कर रहे हैं।

अधीक्षण अभियंता अविनाश पटेल ने बताया कि ऊंचाहार क्षेत्र में विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी क्षतिग्रस्त लाइनों के सुदृढ़ीकरण और मेंटिनेंस कार्य में लगातार जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि एक्सईएन उमेश कुमार, एसडीओ आशीष कुमार, जेई शिवांशु दुबे सहित पूरी टीम कार्यस्थलों पर उपस्थित रहकर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाने के प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि पट्टीरहस कैथवल, खालिकपुर, कन्दरावा, खरौली, निरंजनपुर, अकोढ़िया और कोटरा बहादुरगंज सहित कई गांवों में कार्य लगभग पूर्ण होने की स्थिति में है। इन क्षेत्रों में ट्रांसफॉर्मरों की मरम्मत की गई है तथा कुछ स्थानों पर क्षमता वृद्धि के साथ नए ट्रांसफॉर्मर लगाए गए हैं। टूटे हुए विद्युत पोल बदलकर क्षतिग्रस्त लाइनों को भी ठीक किया जा रहा है। अधिकांश गांवों में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

अधीक्षण अभियंता ने कहा कि सुदृढ़ीकरण एवं मेंटिनेंस कार्य के दौरान कर्मचारियों को शटडाउन लेना पड़ रहा है, इसलिए उपभोक्ताओं को धैर्य बनाए रखने की आवश्यकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पर्याप्त मात्रा में बिजली उपलब्ध है और विभाग जल्द से जल्द सभी क्षेत्रों में आपूर्ति सामान्य करने के लिए प्रयासरत है।

उन्होंने बताया कि यदि किसी गांव या क्षेत्र में आंधी-तूफान के कारण विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति अभी तक बहाल नहीं हुई है, तो उपभोक्ता विभाग के दूरभाष नंबर 0535-2974099 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। विभाग द्वारा सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Releated Posts

Scroll to Top