आगरा/मथुरा। मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन में आगरा मंडल के मथुरा–पलवल रेल खंड स्थित होडल रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत व्यापक पुनर्विकास कार्य पूर्ण कर लिया गया है। लगभग 8.5 करोड़ रुपये की लागत से किए गए विकास कार्य के बाद स्टेशन को आधुनिक, यात्री-अनुकूल एवं सुविधासंपन्न स्वरूप प्रदान किया गया है।
होडल स्टेशन क्षेत्र के यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण पारगमन केंद्र है। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशन का कायाकल्प किया गया है। यह योजना दिसंबर 2022 में रेल मंत्रालय द्वारा प्रारंभ की गई थी, जिसका उद्देश्य देशभर के रेलवे स्टेशनों को दीर्घकालिक मास्टर प्लान के आधार पर चरणबद्ध रूप से आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त बनाना है।
पुनर्विकास कार्य के अंतर्गत स्टेशन भवन का पूर्ण नवीनीकरण किया गया है तथा मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वारों को आकर्षक एवं भव्य स्वरूप दिया गया है। प्लेटफॉर्मों पर नए शेड लगाए गए हैं तथा आधुनिक बैठने की व्यवस्था और उच्च स्तरीय प्लेटफॉर्म सरफेसिंग का कार्य किया गया है। यात्रियों की सुविधा हेतु आधुनिक कोच पोजिशन डिस्प्ले सिस्टम, डिजिटल सूचना बोर्ड एवं उन्नत पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम स्थापित किए गए हैं।
स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण किया गया है तथा पार्किंग क्षेत्र को सुव्यवस्थित बनाया गया है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। दिव्यांगजनों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्टेशन को पूर्ण रूप से दिव्यांगजन फ्रेंडली बनाया गया है। इसके अंतर्गत टैक्टाइल पाथ, रैंप, कम ऊंचाई वाले टिकट काउंटर, विशेष वाटर बूथ एवं समर्पित पार्किंग स्थल विकसित किए गए हैं।
स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने हेतु 6 मीटर चौड़ा फुटओवर ब्रिज स्थापित किया गया है। साथ ही उन्नत प्रकाश व्यवस्था एवं आकर्षक पेंटिंग के माध्यम से स्टेशन परिसर को नया एवं भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है। जन संपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि शीघ्र ही होडल स्टेशन को उसके नए एवं आधुनिक स्वरूप में यात्रियों को समर्पित कर दिया जाएगा। इस पुनर्विकास से यात्रियों का सफर अधिक सुरक्षित, आरामदायक एवं सुविधाजनक होगा। साथ ही क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।










