ऊंचाहार, रायबरेली। जेठ के बड़े मंगल के अवसर पर एनटीपीसी ऊंचाहार परियोजना परिसर में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में कर्मचारियों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अपर महाप्रबंधक चंद्रजीत सिंह के संयोजन में सीएचपी साइट पर ठेका श्रमिकों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह सहित सभी विभागाध्यक्षों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भंडारे में पहुंचकर श्रमिकों का उत्साहवर्धन किया और प्रसाद वितरण में सहभागिता निभाई।
वहीं एनटीपीसी कार्यपालक संघ की ओर से भी विशाल शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। संघ के अध्यक्ष अनिकेत, महासचिव विकास वशिष्ठ तथा अन्य पदाधिकारियों ने राहगीरों और श्रद्धालुओं को स्वयं शरबत वितरित किया। कार्यक्रम में कार्यपालक संघ के पदाधिकारी हर्षित अग्रवाल, अभिषेक, अमनदीप और प्रांजल सिंह सहित बड़ी संख्या में एनटीपीसी कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा ऊर्जा विहार स्थित शॉपिंग सेंटर के दुकानदारों ने भी जेठ के मंगलवार के अवसर पर श्री हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर प्रसाद वितरित किया। पूरे परियोजना परिसर में धार्मिक आस्था और सेवा भाव का माहौल देखने को मिला।





