• Home
  • फिरोजाबाद
  • फतेहाबाद रोड पर पानी की समस्या को लेकर लोगों ने लगाया जाम

फतेहाबाद रोड पर पानी की समस्या को लेकर लोगों ने लगाया जाम

फिरोजाबाद। नगर के वार्ड नंबर-18 स्थित नीलकंठ कॉलोनी में पानी की गंभीर समस्या को लेकर मंगलवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कॉलोनीवासियों ने फतेहाबाद रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। प्रदर्शन के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का आरोप था कि क्षेत्र में कई दिनों से पानी की आपूर्ति ठप है, लेकिन शिकायतों के बावजूद नगर निगम और जलकल विभाग द्वारा कोई समाधान नहीं किया गया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि नीलकंठ कॉलोनी में वर्षों पुरानी पतली पाइपलाइन पड़ी हुई है, जो बढ़ती आबादी के अनुसार पर्याप्त नहीं है। पहले जहां क्षेत्र में कुछ ही मकान थे, वहीं अब सैकड़ों परिवार निवास कर रहे हैं, लेकिन पाइपलाइन आज भी पुरानी व्यवस्था पर ही चल रही है। इसके चलते घरों तक पानी पहुंचना बंद हो गया है और लोगों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों ने सड़क, नाली और पाइपलाइन की बदहाल स्थिति को लेकर जलकल विभाग और नगर निगम के खिलाफ नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि कॉलोनी की सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है तथा नालियां न होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर जमा रहता है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि कई बार पार्षद और संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी नाराजगी में लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। लंबे समय तक जाम लगने के बावजूद स्थानीय पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिसके चलते स्थिति और बिगड़ती चली गई। करीब एक घंटे बाद अधिकारियों से आश्वासन मिलने पर लोगों ने जाम खोल दिया।

क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि जल्द से जल्द नई मोटी पाइपलाइन डलवाई जाए, सड़क का निर्माण कराया जाए तथा पक्की नालियों की व्यवस्था कराई जाए, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top