• Home
  • फिरोजाबाद
  • बेटे की हत्या के इंसाफ के लिए दिव्यांग माता-पिता पहुंचे डीएम कार्यालय

बेटे की हत्या के इंसाफ के लिए दिव्यांग माता-पिता पहुंचे डीएम कार्यालय

फिरोजाबाद। पुत्र की हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित डीएम कार्यालय पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई।

थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के ग्राम नगला बिलोटिया निवासी अतिन जाटव के दोनों दिव्यांग माता-पिता अपने बेटे को न्याय दिलाने के लिए डीएम कार्यालय पहुंचे। पैरों से लाचार होने के बावजूद बेटे की मौत का दर्द उन्हें सड़कों तक खींच लाया। माता-पिता की आंखों में आंसू और हाथों में न्याय की गुहार ने मौके पर मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया।

ग्रामीणों का आरोप था कि घटना को कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस प्रशासन द्वारा दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसी नाराजगी के चलते नगला बिलोटिया से बड़ी संख्या में ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और पैदल मार्च करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। धरना स्थल पर घंटों तक प्रदर्शन चलता रहा।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की घोषणा नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा और अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top