फिरोजाबाद। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय जौंधरी द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को ग्रीष्म ऋतु में होने वाले रोगों, लू से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली एवं योग के महत्व के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ग्राम महराजपुर में “कार्यक्रम आयुष आपके द्वार” के अंतर्गत एक विशाल आउटरीच स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शरद वर्मा के निर्देशन में किया गया।
शिविर में ग्रामीणों को गर्मी के मौसम में विशेष सावधानियां बरतने, पर्याप्त मात्रा में पानी एवं तरल पदार्थों का सेवन करने, संतुलित एवं सुपाच्य भोजन ग्रहण करने तथा अत्यधिक धूप से बचने के संबंध में जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने बताया कि गर्मी के मौसम में लापरवाही बरतने से डिहाइड्रेशन, लू, सिरदर्द, उल्टी, त्वचा रोग एवं अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए समय पर उचित खान-पान एवं दिनचर्या अपनाना अत्यंत आवश्यक है।
इस दौरान शिविर में रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप से संबंधित रोगियों की पहचान कर उन्हें आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया। शिविर में कुल 145 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया, जिनमें 101 पुरुष एवं 44 महिलाएं शामिल रहीं। वहीं 73 बुजुर्ग लाभार्थियों को विशेष स्वास्थ्य परामर्श एवं आवश्यक औषधियां उपलब्ध कराई गईं। शिविर में 13 मधुमेह एवं 7 उच्च रक्तचाप के रोगी चिन्हित किए गए।
योग सत्र का संचालन योग प्रशिक्षक धर्मेंद्र कुमार एवं योग प्रशिक्षिका कुमारी अंजना ने किया। योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ एवं मन शांत रहता है तथा अनेक रोगों से बचाव संभव है। उपस्थित ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक योग गतिविधियों में भाग लिया।
शिविर के सफल संचालन में कर्मचारी दुर्वेश पाल सिंह ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से चिकित्साधिकारी डॉ. दुर्गेन्द्र सिंह एवं डॉ. साक्षी कनौजिया उपस्थित रहे।










