हाथरस। उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्राम पंचायतों के कार्यकाल समाप्त होने से पहले बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों के वर्तमान प्रधान अगले पंचायत चुनाव तक प्रशासक की भूमिका में कार्य करते रहेंगे। ऐसे में 26 मई 2026 को समाप्त हो रहे पंचायतों के कार्यकाल के बावजूद वर्तमान प्रधान अपने पद पर बने रहेंगे। जनपद हाथरस की करीब 464 ग्राम पंचायतों का कार्यकाल 26 मई को पूरा हो रहा था। शासन के इस निर्णय के बाद अब अगले आदेश तक सभी ग्राम प्रधान प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभालते रहेंगे। सरकार के इस फैसले का ग्राम प्रधानों ने स्वागत करते हुए इसे प्रशासनिक निरंतरता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
ग्राम प्रधान तामसी धर्मेन्द्र कुमार ने कहा कि राज्य सरकार का यह कदम स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि सरकार ने एक बार फिर वर्तमान प्रधानों के प्रशासनिक कार्यों पर विश्वास जताया है। वहीं ग्राम प्रधान धनौटी नीरज कुमार ने कहा कि अब वे जनता की सेवा में प्रशासक की भूमिका में बने रहेंगे। बिना चुनाव के यह जिम्मेदारी मिलना सरकार के विश्वास को दर्शाता है। सरकार के इस फैसले के बाद ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों के निर्बाध संचालन की उम्मीद जताई जा रही है।





