• Home
  • फिरोजाबाद
  • भीषण गर्मी में जनगणना कार्य स्थगित करने की मांग, यूटा ने सौंपा ज्ञापन

भीषण गर्मी में जनगणना कार्य स्थगित करने की मांग, यूटा ने सौंपा ज्ञापन

फिरोजाबाद। प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और आगामी दिनों में हीट वेव की चेतावनी को देखते हुए यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) ने जनगणना कार्य को फिलहाल स्थगित किए जाने की मांग उठाई है। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्य स्थगित करने की मांग की।

यूटा के प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह राठौर के निर्देशन में जिलाध्यक्ष डॉ. जया शर्मा और महामंत्री मुकेश राजपूत के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में प्रशासनिक अधिकारी राजेन्द्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि पूरे प्रदेश में जनगणना का कार्य संचालित किया जा रहा है, लेकिन वर्तमान समय में असहनीय गर्मी और तेज धूप का प्रकोप जारी है। फिरोजाबाद सहित अधिकांश जनपदों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच रहा है, जबकि मौसम विभाग लगातार हीट वेव की चेतावनी जारी कर रहा है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि शासन की ओर से लोगों को दिन के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। ऐसे में जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को फील्ड में काम करने के लिए भेजना उनकी जान जोखिम में डालने जैसा है।

संगठन का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण अधिकांश लोग दिन में घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं, जिससे प्रगणकों को जनगणना से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यूटा ने जनहित और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मई और जून माह में जनगणना कार्य स्थगित रखने तथा जुलाई के प्रथम सप्ताह से इसे दोबारा शुरू करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में निर्देश सिंह, लोकेश कुमार, अमित कुमार, सुमन, सत्येंद्र सत्यार्थी और उमाकांत सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top