फिरोजाबाद। लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मटसेना थाना क्षेत्र में औरैया से आगरा की ओर जा रहा बालू से लदा डंपर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। इसी दौरान कानपुर से गुरुग्राम जा रही एक स्लीपर कोच बस पीछे से डंपर में जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पहले डंपर और फिर बस में आग लग गई। देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई। हादसे में बस चालक समेत दो लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कानपुर के फजलगंज से शताब्दी ट्रेवेल्स की बस गुरुवार रात करीब नौ बजे गुरुग्राम के लिए रवाना हुई थी। रात करीब दो बजे मटसेना थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 46 के पास आगे चल रहे डंपर चालक को झपकी आ गई, जिससे डंपर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। पीछे से आ रही बस उससे टकरा गई। हादसे के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। अचानक जोरदार टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही देर में डंपर के पिछले हिस्से में आग लग गई, जिसने बस के अगले हिस्से को भी अपनी चपेट में ले लिया। बस में फंसे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर कूदकर जान बचाई। सूचना मिलते ही मटसेना पुलिस मौके पर पहुंची और बस के पीछे के आपातकालीन द्वार का शीशा तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को शिकोहाबाद के जिला संयुक्त चिकित्सालय और फिरोजाबाद सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। आग बुझाने के लिए आसपास के फायर स्टेशनों से पांच दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
आग बुझने के बाद बस चालक 45 वर्षीय शंभू, निवासी रासधान गांव, सिकंदरा, कानपुर देहात का शव बरामद किया गया। वहीं कानपुर के कोयला नगर निवासी 60 वर्षीय गया श्री साहू की भी जलकर मौत हो गई। उनके भाई मुकेश कुमार ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन बस में उनके साथ वृंदावन जा रही थीं और हादसे के बाद लापता हैं। इसके बाद दोबारा तलाशी लेने पर बस के अंदर एक जला हुआ सिर मिला। पुलिस ने डीएनए जांच कराने की बात कही है ताकि उसकी पहचान की जा सके।
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि हादसे में चालक समेत दो लोगों की मौत हुई है। डंपर चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।





