फिरोजाबाद। शहर की मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को महापौर कामिनी राठौर और नगर आयुक्त प्रशांत नागर ने नगर निगम अधिकारियों के साथ वार्ड नंबर 12, 20 और 38 का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पेयजल संकट और गेल गैस लिमिटेड द्वारा पाइपलाइन बिछाने के बाद छोड़े गए गड्ढों को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। शिकायतों पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों और कंपनी प्रतिनिधियों को कड़ी फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान कई गलियों और मुख्य मार्गों पर गहरे गड्ढे खुले मिले। स्थानीय निवासियों ने बताया कि गेल गैस कंपनी पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों की सही तरीके से मरम्मत नहीं कर रही है, जिससे आए दिन राहगीर और बच्चे हादसों का शिकार हो रहे हैं। स्थिति पर नाराजगी जताते हुए महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर जनता की सुरक्षा से किसी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराई जाए और जहां कार्य अधूरा है वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
वार्डों की महिलाओं ने महापौर और नगर आयुक्त को घेरकर पेयजल संकट की समस्या भी बताई। लोगों ने शिकायत की कि कई दिनों से नलों में पानी नहीं आ रहा है, जिससे रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं और कई परिवारों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। इस पर नगर आयुक्त प्रशांत नागर ने जलकल विभाग के अभियंताओं को मौके पर ही फटकार लगाते हुए जलापूर्ति व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन संबंधी समस्या है वहां टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त, जलकल महाप्रबंधक समेत नगर निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।





