फिरोजाबाद। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में सड़क हादसे में दो जैन साध्वियों की मौत के विरोध में सोमवार को फिरोजाबाद जनपद में जैन समाज के लोगों ने मौन जुलूस निकालकर रोष व्यक्त किया। समाज के लोगों ने जैन मुनियों और साध्वियों की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने तथा घटना की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
बताया गया कि रीवा जिले में आर्यका श्रुति मति माता और आर्यका उपसमिति मति माता पद विहार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों साध्वियों की मौत हो गई। घटना के विरोध में देशभर में जैन समाज द्वारा मौन जुलूस निकाले गए। इसी क्रम में फिरोजाबाद नगर में आचार्य सुरत्न सागर के सानिध्य में अट्टावाला जैन मंदिर से मौन जुलूस निकाला गया।
मौन जुलूस सदर बाजार, बाग छिंगामल, विवेकानंद चौराहा और बस स्टैंड होते हुए महावीर जिनालय पहुंचा। जुलूस में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे शामिल हुए। पुरुष श्वेत वस्त्र और महिलाएं पीत वस्त्र धारण किए हुए थीं। लोगों के हाथों में “श्रद्धांजलि नहीं, सुरक्षा का संकल्प”, “दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो” और “तप और त्याग की परंपरा का सम्मान करो” जैसे संदेश लिखी तख्तियां थीं।
महावीर जिनालय पहुंचने के बाद जुलूस सभा में परिवर्तित हो गया। यहां समाज के लोगों ने नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे को मध्य प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में घटना को दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
जुलूस में अजय जैन एडवोकेट, अरुण जैन पीली कोठी, अनुज जैन तुलसी बिहार, संजय जैन पीआरओ, राजेंद्र प्रसाद जैन, चंद्रप्रकाश जैन, ललितेश जैन, विनोद जैन मिलेनियम, देवेंद्र जैन रसूलपुर, सतेंद्र जैन सोली, मनोज जैन दद्दा, दीपक जैन, महेंद्र जैन, अशोक जैन, अतुल जैन, राहुल जैन, प्रदीप जैन, मनीष जैन, सौरभ जैन, संजीव जैन, मयंक जैन, डॉ. धीरेन्द्र जैन और राजेश जैन सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
वहीं टूंडला में दिगंबर जैन समाज के संरक्षक पांडेय जयंत कुमार जैन के नेतृत्व में महिला और पुरुष तहसील पहुंचे तथा तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर रीवा हादसे की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में अरविंद जैन बंधु, बसंत जैन साहू, सर्वेश जैन, विशाल जैन, अनिल जैन राजू, डॉ. शैलेन्द्र जैन, प्रदीप जैन, दीपक जैन, मुकेश जैन बॉबी, चंद्रगुप्त जैन, सोनू जैन और हर्ष जैन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
राजा का ताल क्षेत्र में पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर के तत्वावधान में अध्यक्ष सुविधि जैन के नेतृत्व में भी मौन जुलूस निकाला गया। जुलूस के बाद नायब तहसीलदार सदर को ज्ञापन सौंपकर जैन मुनियों और साध्वियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई। इस दौरान रजत जैन, सुधीर कुमार जैन, अरविंद जैन, पंकज जैन, सुमित जैन, मोहित जैन और सतेन्द्र जैन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




