पवन कुमार गुप्ता: रायबरेली। उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह के पंचवटी स्थित सेवालय पर रायबरेली जनपद के सभी विकास खंडों के ग्राम प्रधानों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश के सभी ग्राम प्रधानों के कार्यकाल में 06 माह की वृद्धि किए जाने के फैसले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाकर त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था और जमीनी स्तर के जनप्रतिनिधियों का सम्मान किया है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के प्रधान आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में इस निर्णय के बदले सकारात्मक परिणाम देंगे। रायबरेली जनपद की सभी 06 विधानसभा सीटों पर ग्राम प्रधान भारतीय जनता पार्टी के साथ खड़े होंगे और भाजपा प्रत्याशियों को जिताने का काम करेंगे।
प्रधान संघ के अध्यक्षों ने जताया आभार
इस मौके पर जिले भर से आए प्रधानों का नेतृत्व करते हुए विभिन्न ब्लॉकों के प्रधान संघ अध्यक्षों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया। समारोह में मुख्य रूप से अरुण चौधरी (प्रधान संघ अध्यक्ष, बछरावां), रामचंद्र पासवान (प्रधान संघ अध्यक्ष, हरचंदपुर), राजेश सिंह (प्रधान संघ अध्यक्ष, लालगंज), राम कुमार जायसवाल (प्रधान संघ अध्यक्ष, सलोन), फूलचंद्र अग्रहरि (प्रधान संघ अध्यक्ष, डीह), मनोज सिंह (प्रधान संघ अध्यक्ष, सरेनी) और अरुण सिंह (प्रधान संघ अध्यक्ष, महाराजगंज) उपस्थित रहे। बैठक में सभी विकास खंडों के ग्राम प्रधान, ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत सदस्य मौजूद रहे।





