• Home
  • रायबरेली
  • एनटीपीसी संयुक्ता महिला समिति की वरिष्ठ सदस्याओं ने किया जेम का प्रोत्साह

एनटीपीसी संयुक्ता महिला समिति की वरिष्ठ सदस्याओं ने किया जेम का प्रोत्साह

ऊंचाहार, रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार में संचालित बालिका सशक्तिकरण कार्यशाला (जेम) का अवलोकन करने और बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के लिए एनटीपीसी के शीर्ष महिला संगठन ‘संयुक्ता महिला समिति’ की वरिष्ठ सदस्याओं ने परियोजना का दौरा किया। समिति की वरिष्ठ सदस्याओं सुनीता श्रीनिवासन, मीनाक्षी श्रीवास्तव तथा चंदना कुमारी ने जेम की बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक संध्या का उद्घाटन किया। वे बालिकाओं की शानदार और मनोहारी प्रस्तुतियों को देखकर भावविभोर हो गईं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

वरिष्ठ अतिथियों ने बच्चियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि एनटीपीसी का यह फ्लैगशिप प्रोग्राम बालिकाओं के सपनों को उड़ान देने के साथ-साथ ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को भी धरातल पर सार्थक कर रहा है। इस अवसर पर जिन बालिकाओं का जन्मदिन था, अतिथियों ने उनके साथ मिलकर केक काटा और उपहार भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया। इससे पूर्व प्रियदर्शिनी महिला क्लब की अध्यक्षा रश्मि देबाता ने अतिथियों का स्वागत किया तथा कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह सहित सभी विशिष्ट अतिथियों ने बालिकाओं के साथ कदमताल करते हुए नृत्य किया और उनका उत्साहवर्धन किया। मंच का संचालन वरिष्ठ प्रबंधक स्नेहा त्रिपाठी ने किया। इस मौके पर महाप्रबंधक आशुतोष कुमार, दिलीप कुमार साहू, एस.यू. हरिदास, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष तथा यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

दूसरे दिन योग, वृक्षारोपण और श्रमिकों का सम्मान

अतिथि महिलाओं ने अपनी यात्रा के दूसरे दिन सुबह जेम की बालिकाओं के साथ योग सत्र में भाग लिया। इसके बाद परिसर में वृक्षारोपण कर कंपनी की पर्यावरण हितैषी नीति को आगे बढ़ाया। इसी क्रम में प्रियदर्शिनी लेडीज क्लब के सौजन्य से आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में माली श्रमिकों को भीषण गर्मी से राहत देने के लिए जूट के थैलों में रखकर छाता, हॉट टिफिन, सत्तू और अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की गई, जिसे पाकर श्रमिकों के चेहरे खिल उठे। संपूर्ण कार्यक्रम को सफल बनाने में मानव संसाधन प्रमुख पंकज कुमार सहित अन्य अधिकारियों की भूमिका सराहनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top