• Home
  • मथुरा
  • भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस की प्रेस वार्ता

भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस की प्रेस वार्ता

मथुरा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के निर्देश पर भाजपा सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था के मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा सेठवाड़ा स्थित कार्यालय पर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने महोबा जनपद में एक दलित छात्रा के अपहरण और उसके साथ हुए कथित अत्याचार का उल्लेख करते हुए कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सरकार को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए थी।

उन्होंने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि विभिन्न विभागों में अनियमितताओं और वित्तीय घोटालों के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। उन्होंने आगरा नगर निगम से जुड़े एक मामले का उल्लेख करते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में पंचायतों से लेकर विभिन्न सरकारी विभागों तक भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का माहौल है, जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं, महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं और युवा बेरोजगारी की समस्या से प्रभावित हैं। मुकेश धनगर ने कहा कि भाजपा सरकार विकास और जनहित के मुद्दों पर अपेक्षित परिणाम देने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्रचार और सोशल मीडिया तक सीमित होकर रह गई है, जबकि जमीनी स्तर पर जनता को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार, महंगाई और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखेगी तथा जनता की आवाज को लोकतांत्रिक तरीके से उठाती रहेगी। साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार के मंत्रियों और विधायकों की संपत्तियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी दोहराई। प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस महामंत्री वैद्य मनोज गौड़, जिला उपाध्यक्ष आदित्य तिवारी एडवोकेट, गौरांग अग्रवाल, महेश चौबे, प्रवक्ता उमाशंकर शर्मा, रमेश कश्यप, राजेश सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top