रायबरेली। ईद-उल-अजहा के पावन अवसर पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं न्यू स्टैंडर्ड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के संस्थापक-प्रबंधक डॉ. शशिकांत शर्मा ने सांप्रदायिक सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए शहर स्थित ईदगाह पर विशेष सेवा शिविर का आयोजन किया। शिविर में ईद की नमाज अदा करने पहुंचे लोगों के लिए ठंडे पानी और शरबत की व्यवस्था की गई। नमाज संपन्न होने के बाद डॉ. शर्मा ने मुस्लिम समाज के लोगों को इत्र लगाकर, गले मिलकर ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी और आपसी प्रेम एवं सद्भाव का संदेश दिया।
इस अवसर पर डॉ. शशिकांत शर्मा ने कहा कि भारत की पहचान उसकी विविधता, एकता और आपसी भाईचारे में निहित है। उन्होंने कहा कि ईद-उल-अजहा त्याग, समर्पण और इंसानियत का पर्व है, जबकि गंगा-जमुनी तहजीब हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे पर्व समाज में प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में आपसी विश्वास और सौहार्द को बढ़ावा देते हैं तथा विभिन्न धर्मों और समुदायों के बीच एकता का संदेश प्रसारित करते हैं। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, स्थानीय गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद तथा बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग मौजूद रहे।





