• Home
  • रायबरेली
  • भीषण गर्मी में मुसाफिरों को शीतल जल पिला रहे स्काउट-गाइड के बच्चे

भीषण गर्मी में मुसाफिरों को शीतल जल पिला रहे स्काउट-गाइड के बच्चे

सलोन, रायबरेली। भीषण गर्मी, तपती धूप और लगातार बढ़ते तापमान के बीच स्काउट-गाइड के बच्चे मानव सेवा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। सलोन बस स्टेशन पर स्काउट-गाइड संस्था द्वारा संचालित नि:शुल्क प्याऊ के नौवें दिन विकास क्षेत्र बछरावां से पहुंचीं राजपाल अवार्ड प्राप्त शिक्षिका डॉ. नीलमा श्रीवास्तव ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। डॉ. नीलमा श्रीवास्तव ने कहा कि चिलचिलाती धूप, लू के थपेड़ों और अत्यधिक गर्मी के बीच स्काउट-गाइड के बच्चों द्वारा राहगीरों और मुसाफिरों को शीतल पेयजल पिलाना अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक कार्य है। उन्होंने कहा कि सेवा और समर्पण की यह भावना समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश देती है।

उन्होंने स्काउट-गाइड केंद्र की संचालिका एवं राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका डॉ. साधना शर्मा सहित पूरी टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि टीम भावना के साथ सलोन के शिक्षक और बच्चे जिस प्रकार समाज सेवा का कार्य कर रहे हैं, वह सभी के लिए अनुकरणीय है। कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त शिक्षक मोहम्मद खान, मोहम्मद अनीस चंदा, भाजपा मंडल महामंत्री रोहित गुप्ता, दीपक धरई और दीपक चौधरी ने भी अपने विचार व्यक्त किए और इस सेवा कार्य की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि भीषण गर्मी में लोगों को राहत पहुंचाने का यह प्रयास मानवता की सच्ची मिसाल है।

डॉ. नीलमा श्रीवास्तव ने गाइड कैप्टन सुरेखा जोशी और उनकी टीम के कार्यों की भी प्रशंसा करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि जनपद के अन्य बस स्टेशनों पर भी इसी प्रकार के नि:शुल्क प्याऊ संचालित किए जाएं, जिससे समाज सेवा का व्यापक संदेश प्रसारित हो और अधिक से अधिक लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top