ऊंचाहार, रायबरेली। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर शनिवार को भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल ने अपने कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय पत्रकारों का सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए समाज का प्रहरी और दिशा-निर्देशक बताया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभिलाष कौशल ने कहा कि बदलते भारत में पत्रकारों की भूमिका केवल समाचारों के संप्रेषण तक सीमित नहीं है, बल्कि वे समाज की आवाज़ को बुलंद करने और जमीनी सच्चाइयों को सामने लाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार एक सशक्त, जागरूक और प्रगतिशील राष्ट्र के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि पत्रकार जटिल मुद्दों और सरकारी नीतियों का विश्लेषण कर जनता तक सही और तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाते हैं। साथ ही समाज के वंचित और हाशिए पर रहने वाले लोगों की समस्याओं को उजागर कर उन्हें प्रशासन और सरकार तक पहुंचाने का कार्य भी करते हैं। पत्रकारिता रूढ़ियों को तोड़ने, नए विचारों को समाज में स्थापित करने और जनचेतना बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है।
अभिलाष कौशल ने कहा कि सत्ता से सवाल पूछना और लोकतंत्र में जवाबदेही सुनिश्चित करना पत्रकारों का सबसे महत्वपूर्ण दायित्व है। वर्तमान समय में डिजिटल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव के बीच पत्रकारों की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। ऐसे समय में निष्पक्ष, तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता की आवश्यकता पहले से अधिक महसूस की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान अभिलाष कौशल ने पत्रकारों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके योगदान की सराहना की। इस अवसर पर मनीष कौशल, सुभाष कौशल, गुड्डन यादव, राजेंद्र यादव, मनोज पाल, विजय पाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय पत्रकार उपस्थित रहे।





