पवन कुमार गुप्ता: रायबरेली। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर शहर स्थित एक होटल में पत्रकारों द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने हिंदी पत्रकारिता दिवस की सभी पत्रकारों को शुभकामनाएं देते हुए हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास और योगदान को रेखांकित किया।
उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता दिवस के 200 वर्ष पूर्ण होना गौरव का विषय है। स्वाधीनता संग्राम से लेकर वर्तमान समय तक हिंदी पत्रकारिता ने सामाजिक जागरण, जनचेतना और राष्ट्र निर्माण में अभूतपूर्व योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि देश के प्रथम हिंदी समाचार पत्र ‘उदन्त मार्तण्ड’ से मिली समृद्ध विरासत को आज के पत्रकार निरंतर संरक्षण और संवर्धन प्रदान कर रहे हैं, जो सराहनीय है।
उन्होंने सभी पत्रकारों का अभिनंदन करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकार समाज और शासन के बीच सेतु का कार्य करते हैं तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर समाज को जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। कार्यक्रम के दौरान उद्यान मंत्री ने वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार राजेश मिश्रा ‘राजन’ ने किया। कार्यक्रम में शिव मनोहर पांडेय, प्रेम नारायण द्विवेदी, अशोक शर्मा, राजेश पांडेय, शैलेंद्र अग्निहोत्री, अनुज अवस्थी, शशि राज मिश्रा, हेमंत राजन मिश्रा, दीपेंद्र सिंह, विजय यादव, शिव प्रसाद यादव, संजय मौर्य, रत्नेश मिश्रा, अनिल सिंह, अरुण कुमार त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।





