रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार के लोकप्रिय कर्मचारी नेता एवं जनसंपर्क विभाग से जुड़े आज्ञा शरण सिंह 37 वर्षों की लंबी सेवा के बाद सेवानिवृत्त हो गए। उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर आयोजित अभिनंदन समारोह में अधिकारियों, कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में आज्ञा शरण सिंह एवं उनके परिवार का शाल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। वक्ताओं ने एनटीपीसी ऊंचाहार में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें संस्था का निष्ठावान कर्मचारी और कर्मचारी हितों के लिए समर्पित नेता बताया।
परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह ने कहा कि आज्ञा शरण सिंह की सेवानिवृत्ति से संस्था में जो खालीपन आया है, उसकी भरपाई करना आसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि श्री सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मानव संसाधन प्रमुख पंकज कुमार ने कहा कि श्री सिंह ने एक कर्मचारी और एक नेता के रूप में संतुलित भूमिका निभाकर दूसरों के लिए उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि मीडिया प्रबंधन और जनसंपर्क के क्षेत्र में उनकी दक्षता संस्था के लिए हमेशा यादगार रहेगी।
समारोह में महाप्रबंधक दिलीप कुमार साहू, अधिकारी संघ के राष्ट्रीय नेता शशिकांत राय, अपर महाप्रबंधक हरलीन सचदेवा, एटक यूनियन के सचिव रविंद्र कुशवाहा, इंटक यूनियन के महासचिव राहुल कनौजिया, कर्मचारी कल्याण समिति के सचिव नागेंद्र प्रताप सिंह सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने श्री सिंह को कर्मयोगी, कुशल संगठनकर्ता और कर्मचारी हितों के लिए समर्पित नेतृत्वकर्ता बताया। सेवानिवृत्ति के अवसर पर इंटक यूनियन द्वारा विशेष सम्मान यात्रा भी निकाली गई। खुले रथ में आज्ञा शरण सिंह एवं उनकी पत्नी को बैठाकर परिसर में भ्रमण कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों और उनके परिवारों ने भाग लिया। इस दौरान लोगों ने नृत्य कर, पटाखे छोड़कर तथा शुभकामनाएं देकर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद सभी को मिठाई वितरित की गई। एनटीपीसी के निदेशक अनिल जादली, शिवम श्रीवास्तव, कार्यकारी निदेशक सी. कुमार, इंटक के केंद्रीय नेता बाबर सलीम पाशा, के.पी. चंद्रवंशी, नंदी साहू, रामू मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि एल. शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें जीवन की दूसरी पारी के लिए शुभकामनाएं दीं।





