• Home
  • रायबरेली
  • माध्यमिक शिक्षा विभाग के मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित, मंत्री डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय ने किया सम्मान

माध्यमिक शिक्षा विभाग के मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित, मंत्री डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय ने किया सम्मान

रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा विभाग की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में विकास भवन स्थित महात्मा गांधी सभागार में जनपद स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता तथा जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण देखा गया, जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशभर के 1,682 मेधावी छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया।

जनपद स्तरीय समारोह में हाईस्कूल के सात तथा इंटरमीडिएट के 14 मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रशस्ति पत्र और 21 हजार रुपये का डमी चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं प्रदेश स्तर पर हाईस्कूल में छठा स्थान प्राप्त करने वाली तनु जायसवाल (96.83 प्रतिशत) तथा आठवां स्थान प्राप्त करने वाले सर्वेश कुमार मिश्रा और अभिषी साहू (96.50 प्रतिशत) को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में हाईस्कूल वर्ग की दृष्टि गुप्ता, सोनाली सिंह, अंशी, आंचल शुक्ला, मुस्कान सिंह, रिया पटेल और प्राची वैश्य को सम्मानित किया गया। वहीं इंटरमीडिएट वर्ग में नन्दनी गुप्ता, जया शुक्ला, वैष्णवी, अभिषेक अवस्थी, दिव्यांशी मौर्या, शुभ सिंह, अद्वैत अवस्थी, उम्मे हबीबा, आर्या पटेल, तृप्ति शुक्ला, अभिनव, खिलय पाण्डेय, अर्पित मौर्य और निधि श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में मंत्री डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और लगन के बल पर न केवल अपना नाम रोशन किया है, बल्कि अपने माता-पिता, शिक्षकों, विद्यालय और पूरे जनपद का गौरव भी बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और परिश्रम सफलता की वास्तविक कुंजी है। विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विद्यालयों में संसाधनों और सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। स्मार्ट क्लास, डिजिटल शिक्षण सामग्री और आधुनिक संसाधनों के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को बेहतर शैक्षिक वातावरण प्रदान करना है ताकि वह अपनी प्रतिभा का पूर्ण विकास कर सके। मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके आत्मविश्वास, निरंतर अध्ययन और कठिन परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सम्मानित छात्र-छात्राओं की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम के अंत में जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी उबैर्दुरहमान सहित माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top