लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS)-2026 के चौथे संस्करण की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन के मास्टर प्लान एवं लेआउट का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं प्रभावी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश का एक प्रतिष्ठित एवं महत्वाकांक्षी आयोजन है, जिसे इस वर्ष और अधिक भव्य, आकर्षक तथा नवाचारपूर्ण स्वरूप में आयोजित किया जाना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन में उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली इतिहास, पारंपरिक कलाओं, जनजातीय संस्कृति, लोक कला और लोक विरासत का प्रभावी प्रदर्शन किया जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले आगंतुक प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता से परिचित हो सकें।
उन्होंने “वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन (ओडीओसी)” पहल के अंतर्गत प्रदेश के विशिष्ट, ऐतिहासिक एवं पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल स्थापित कराने पर विशेष जोर दिया, जिससे उत्तर प्रदेश की पाक विरासत को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल सके। बैठक में व्यापक ब्रांडिंग एवं प्रचार-प्रसार की रणनीति पर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री पोर्टल तथा सभी जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी) पोर्टलों पर ट्रेड शो के प्रचार बैनर प्रदर्शित किए जाएं। साथ ही देश के प्रमुख शहरों और हवाई अड्डों पर आयोजन से दो माह पूर्व होर्डिंग्स लगाई जाएं। मुंबई, दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ सहित प्रमुख शहरों और यूपी मेट्रो नेटवर्क में भी बड़े स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सौंदर्यीकरण, अप्रोच रोड की मरम्मत, पार्किंग प्रबंधन तथा सुचारु यातायात व्यवस्था के लिए अग्रिम तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, डेयरी, उद्योग, मत्स्य पालन और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्रों में नवाचार आधारित प्रदर्शनों को शामिल करने पर बल दिया। बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 का आयोजन 25 से 29 सितंबर 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में प्रस्तावित है। इस वर्ष आयोजन की थीम “UP for Global Growth: Innovation, Manufacturing & Exports” रखी गई है।
आयोजन की प्रमुख उप-थीमों में “Make in UP”, “Export from UP”, “ODOP to Global Markets”, “MSME & Startup Empowerment”, “Sustainable Manufacturing”, “Digital Trade & E-Commerce” तथा “Investment & Logistics Hub” शामिल हैं। इस वर्ष ट्रेड शो में 80 से अधिक देशों के लगभग 550 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और 45 हजार से अधिक बी2बी खरीदारों को आकर्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। आयोजन के माध्यम से लगभग 5,000 करोड़ रुपये की बिजनेस इन्क्वायरी, 20,000 करोड़ रुपये की संभावित व्यावसायिक गतिविधियों तथा 5,000 से अधिक एमओयू हस्ताक्षरित होने की संभावना व्यक्त की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।





