ऊंचाहार, रायबरेली। सेवा कार्यों में अग्रणी रहने वाले नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन प्रमोद गुप्ता ने भीषण गर्मी के बीच आमजन और श्रद्धालुओं को शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर के प्रमुख शनिदेव मंदिर परिसर में वाटर कूलर स्थापित कराया है। यह सेवा कार्य उन्होंने अपने दिवंगत भाई प्रदीप गुप्ता की स्मृति में कराया है। मंगलवार को खोजनपुर गांव के पूर्व प्रधान लालचंद कौशल ने फीता काटकर वाटर कूलर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रमोद गुप्ता ने बताया कि कोतवाली रोड स्थित शनिदेव मंदिर नगर के मुख्य बाजार क्षेत्र में होने के कारण यहां हर समय श्रद्धालुओं और राहगीरों की आवाजाही बनी रहती है। गर्मी के मौसम में लोगों को शीतल जल उपलब्ध कराने की भावना से इस वाटर कूलर की स्थापना कराई गई है। उन्होंने कहा कि इस पुण्य कार्य से उनके दिवंगत भाई की आत्मा को भी शांति प्राप्त होगी। मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए इसे समाजसेवा की प्रेरणादायक मिसाल बताया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शैलेंद्र गुप्ता, सुग्गी तिवारी, नंदू जायसवाल, राजू सोनी, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनीष कौशल, गोपाल अग्रवाल, राजकुमार अग्रहरि, राम प्रकाश साहू, अमित अग्रहरि, ज्ञान सैनी, राधेश्याम प्रजापति, मनोज चौरसिया, सोनू सोनी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।





