• Home
  • लखनऊ
  • आरक्षी भर्ती परीक्षा निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से कराने के निर्देश, तैयारियों की समीक्षा

आरक्षी भर्ती परीक्षा निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से कराने के निर्देश, तैयारियों की समीक्षा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मुख्य सचिव एस.पी. गोयल एवं पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था, गोपनीयता, प्रशासनिक तैयारियों एवं निगरानी तंत्र की विस्तृत समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाएं तथा प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी गंभीरता से करें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी स्ट्रांग रूम के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील रहें। डबल लॉक, डबल गार्ड, अग्निशमन व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और इंटरनेट कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाए। भर्ती बोर्ड द्वारा सीसीटीवी की लाइव फीड के माध्यम से सतत निगरानी की जाएगी। नोडल अधिकारी (प्रशासन) की व्यक्तिगत जिम्मेदारी होगी कि परीक्षा दिवस पर निर्धारित सीरीज की गोपनीय सामग्री ही परीक्षा केंद्रों को उपलब्ध कराई जाए।

मुख्य सचिव ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर तैनात सभी कार्मिकों का शत-प्रतिशत सत्यापन किया जाए तथा ई-केवाईसी प्रक्रिया अनिवार्य रूप से लागू रहे। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को छोड़कर किसी भी स्तर पर निजी व्यक्तियों की नियुक्ति न की जाए। बिना सत्यापन किसी भी व्यक्ति को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। अभ्यर्थियों की चेकिंग और फ्रिस्किंग को अत्यंत गंभीरता से किए जाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों के पास केवल काला या नीला पेन, प्रवेश पत्र और पहचान पत्र ही होना चाहिए। अन्य किसी भी सामग्री के साथ प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

उन्होंने 6 जून से 10 जून 2026 तक सभी परीक्षा केंद्रों का प्रतिदिन व्यापक सैनिटाइजेशन कराने तथा मोबाइल फोन, कैमरा, ब्लूटूथ और अन्य अवांछित वस्तुओं की दृष्टि से परीक्षा परिसर की गहन जांच कराने के निर्देश दिए। परीक्षा में तैनात अधिकांश अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल फोन बाहर रखवाने तथा कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी प्रत्येक पाली में रेंडमाइजेशन के आधार पर लगाने के भी निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने राज्य और जनपद स्तर के कंट्रोल रूम से सभी परीक्षा केंद्रों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख आवागमन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं तथा परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, छायादार प्रतीक्षास्थल, चिकित्सा सहायता और एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया की सफलता प्रत्येक स्तर पर सतर्कता और अनुशासन पर निर्भर करती है। उन्होंने अधिकारियों को भर्ती बोर्ड के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने तथा अभ्यर्थियों की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन के लिए पर्याप्त पुलिस एवं ट्रैफिक बल तैनात करने के निर्देश दिए। बैठक में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष एस.बी. शिरडकर ने बताया कि 32,679 आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को प्रदेश के सभी 75 जनपदों के 1,183 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। भर्ती परीक्षा के लिए कुल 28,86,797 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top