रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार द्वारा संचालित बालिका सशक्तिकरण अभियान को रायबरेली के पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक क्रांतिकारी पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह अभियान उन बालिकाओं के लिए वरदान साबित हो रहा है, जिन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए उचित मंच और अवसर मिलना कठिन था। एनटीपीसी ऊंचाहार परियोजना में आयोजित बालिका सशक्तिकरण कार्यशाला के दौरान पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने प्रतिभागी बालिकाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि आज बालिकाएं शिक्षा, विज्ञान, खेल, प्रशासन और अन्य सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। ऐसे में छात्राओं को उनसे प्रेरणा लेते हुए एनटीपीसी द्वारा प्रदान किए गए अवसरों का भरपूर लाभ उठाना चाहिए और अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने एनटीपीसी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जब ये बालिकाएं जीवन में सफल महिला बनेंगी, तब उन्हें इस प्रेरणादायी मंच और सहयोग के लिए एनटीपीसी को भी याद रखना चाहिए। इससे पूर्व ऊंचाहार परियोजना के प्रमुख बिस्व मोहन सिंह ने पुलिस अधीक्षक रवि कुमार एवं क्षेत्राधिकारी गिरिजा शंकर त्रिपाठी का स्वागत किया तथा कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बालिका सशक्तिकरण अभियान के सफल संचालन में पुलिस प्रशासन से लगातार मिल रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ने पुलिस अधीक्षक को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया, जबकि महाप्रबंधक आशुतोष बिस्वास ने क्षेत्राधिकारी गिरिजा शंकर त्रिपाठी का सम्मान किया।
कार्यक्रम में दिलीप कुमार साहू, एस.यू. हरिदास, विभिन्न विभागाध्यक्ष, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा प्रियदर्शिनी महिला क्लब की वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहीं। कार्यशाला में शामिल बालिकाओं ने अतिथियों के सम्मान में समूह गीत और स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने एनटीपीसी ऊंचाहार विद्युत गृह का भी दौरा किया और विद्युत उत्पादन प्रणाली की जानकारी प्राप्त की।





