ऊंचाहार, रायबरेली। क्षेत्र के मियापुर गांव में क्षेत्र पंचायत द्वारा लाखों रुपये की लागत से निर्मित अंबेडकर चबूतरे के अचानक ढह जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के बाद क्षेत्र पंचायत सदस्य भी सक्रिय हो गए हैं और विकास कार्यों में अनियमितताओं तथा भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए विगत एक वर्ष के दौरान कराए गए सभी कार्यों का विवरण खंड विकास अधिकारी से मांगा है। इस संबंध में क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल के नेतृत्व में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सुनील सिंह से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। सदस्यों ने मियापुर गांव में ढहे अंबेडकर चबूतरे की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा कार्यदायी संस्था से नुकसान की रिकवरी कराने की मांग की।
क्षेत्र पंचायत सदस्यों का कहना है कि मियापुर की घटना से यह स्पष्ट होता है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया और गुणवत्ता मानकों की अनदेखी कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया। उन्होंने मांग की कि क्षेत्र पंचायत द्वारा अब तक कराए गए सभी विकास कार्यों का संपूर्ण ब्यौरा सार्वजनिक किया जाए। अभिलाष कौशल ने कहा कि विकास कार्यों में सामने आ रही अनियमितताएं सरकार की मंशा के विपरीत हैं और इस मामले में कठोर कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर वह जिला एवं शासन स्तर के अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं खंड विकास अधिकारी सुनील सिंह ने बताया कि क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा मांगी गई जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही मियापुर गांव में अंबेडकर चबूतरा ढहने के मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान रामेंद्र प्रसाद, विजय बहादुर, संदीप कुमार, धर्मेश यादव, सुनील जायसवाल, अर्जुन पासी, गजाधर पासी, हरिराम, संतलाल, रामफल, कुलदीप, होरीलाल सहित कई क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे।





