रायबरेली। कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं ऊंचाहार विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अतुल सिंह ने विधानसभा क्षेत्र के हसाऊपुर, पूरे नब्बा सिंह, थुलरई, कटरा सहित विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर नुक्कड़ सभाएं कीं और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों को समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास का आश्वासन दिया। जनसंपर्क के दौरान अतुल सिंह ने कहा कि ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र की जनता सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। विकास के बड़े-बड़े दावों के बावजूद क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। उन्होंने कहा कि गांवों और मुख्य मार्गों की सड़कें जर्जर हो चुकी हैं तथा जगह-जगह गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
उन्होंने अघोषित बिजली कटौती पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि भीषण गर्मी के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे छात्रों की पढ़ाई और किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही पेयजल संकट भी लगातार गहराता जा रहा है। उन्होंने सरकार से बिजली के बिलों में 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार के नाम पर की गई अतिरिक्त वसूली को तत्काल वापस लेने की मांग की। अतुल सिंह ने आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन योजना के तहत कई स्थानों पर जलापूर्ति ठप पड़ी है। उन्होंने हसाऊपुर गांव की शीला पटेल, सारिका और रंजना का उदाहरण देते हुए कहा कि वे अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ धूप और बारिश में छप्पर के नीचे रहने को मजबूर हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया।
उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं के लिए स्थानीय विधायक को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि आवारा पशुओं से किसान भी काफी परेशान हैं और उनकी फसलें लगातार नुकसान झेल रही हैं। अतुल सिंह ने कहा कि देश और प्रदेश के मुद्दों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी लगातार संघर्ष कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं को उनके हाथ मजबूत करने के लिए एकजुट होकर काम करना चाहिए। इस अवसर पर जिला सचिव शैलेंद्र सिंह, शीतल सिंह, शैलेंद्र त्यागी, शेर बहादुर सिंह, भोला साहू, गोलू अग्रहरि, अनुराग गुप्ता, डीके चौधरी, राजेंद्र सिंह, रंजीत पटेल, सतीश पटेल, आशीष गौतम, सुरेश सिंह, शिव सरोज, लाल बहादुर यादव, मनोज यादव, उषा निर्मल, रंजना पटेल, अरुण कुमार पटेल, अंकित पटेल, राधेश्याम मौर्य, अनूप सिंह, रवि सिंह, प्रकाश सिंह, धीरज सरोज, मदन तिवारी, अमृतलाल सविता, राम प्रकाश सरोज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





