• Home
  • रायबरेली
  • निरंजनपुर गांव में शातिर चोरों ने बंद मकान को बनाया निशाना, लाखों का सामान चोरी

निरंजनपुर गांव में शातिर चोरों ने बंद मकान को बनाया निशाना, लाखों का सामान चोरी

ऊंचाहार, रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के निरंजनपुर मजरे खुर्रमपुर गांव में शातिर चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य का सामान चोरी कर लिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस जांच में जुट गई है और चोरों की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार, निरंजनपुर निवासी सतीश कुमार (मीनू) पुत्र फूलचंद्र अग्रहरि का गांव में एनटीपीसी बाउंड्री के पास एक मकान है, जो पिछले कुछ समय से बंद पड़ा था। बताया जा रहा है कि घटना की रात क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित थी। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर में रखे सामान को खंगाल डाला।

चोरों ने मकान से 15 फायर सिलेंडर, एक बड़ा ऑक्सीजन सिलेंडर, सबमर्सिबल का पूरा सेट, पंखा, इन्वर्टर और बैटरी समेत करीब एक लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी कर लिया। सुबह ग्रामीणों ने मकान का ताला टूटा देखा तो घटना की जानकारी मकान मालिक को दी। उस समय सतीश कुमार अपने परिवार के साथ किसी कार्य से लखनऊ गए हुए थे। सूचना मिलते ही उन्होंने यूपी डायल-112 पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी और घर के लिए रवाना हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही चोरों की तलाश में जुटी हुई है। कोतवाली प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जल्द ही चोरी गए सामान की बरामदगी करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top