ईओ पर एक लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप

ऊंचाहार, रायबरेली। नगर पंचायत ऊंचाहार के अधिशासी अधिकारी (ईओ) पर एक सभासद के पति ने एक लाख रुपये रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। आरोप सामने आने के बाद नगर पंचायत की राजनीति गरमा गई है और कई सभासदों ने एकजुट होकर मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की है। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष ने भी ईओ से लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। मामला नगर पंचायत के मोहल्ला मजहरगंज स्थित एक भूखंड पर हो रहे निर्माण कार्य से जुड़ा है। वार्ड की सभासद रेखा गुप्ता के पति सोनू गुप्ता का आरोप है कि उक्त भूमि पर उनके परिवार का कई दशकों से कब्जा है और उन्होंने नगर पंचायत से विधिवत नक्शा स्वीकृत कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया था।

सोनू गुप्ता का कहना है कि अधिशासी अधिकारी ने उनसे एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। आरोप है कि रिश्वत न देने पर ईओ ने कोतवाली पुलिस को पत्र लिखकर निर्माण कार्य रुकवा दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब निर्माण कार्य के लिए नगर पंचायत की ओर से नक्शा स्वीकृत किया गया था, तो फिर उसी कार्य को किस आधार पर रोका गया। मामले को लेकर नगर पंचायत कार्यालय में सभासदों की बैठक हुई, जिसमें कई सभासदों ने ईओ के कार्य व्यवहार पर नाराजगी जताई। इसके बाद सभासदों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की।

नगर पंचायत अध्यक्ष ममता जायसवाल ने भी अधिशासी अधिकारी को लिखित नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। उन्होंने पूछा है कि जब राजस्व विभाग की रिपोर्ट और अन्य आवश्यक जांच के बाद नक्शा स्वीकृत किया गया था, तो फिर पुलिस बल के माध्यम से निर्माण कार्य क्यों रुकवाया गया। वहीं अधिशासी अधिकारी शिकंदरादित्य ने रिश्वत मांगने के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उनका कहना है कि भवन निर्माण को लेकर मोहल्ले के एक व्यक्ति द्वारा अधिकारियों से शिकायत की गई थी, जिसके आधार पर निर्माण कार्य अस्थायी रूप से रोका गया है। उन्होंने कहा कि उन पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोप बेबुनियाद हैं।

जिलाधिकारी को भेजे गए शिकायती पत्र पर वार्ड संख्या 6 के नरेंद्र गुप्ता, वार्ड संख्या 4 के राज गुप्ता, वार्ड संख्या 7 की अंजू जायसवाल, वार्ड संख्या 2 की शाहीन बानो, वार्ड संख्या 1 के शैलेश गुप्ता तथा वार्ड संख्या 8 के मोहम्मद सलीम के हस्ताक्षर बताए गए हैं। मामले को लेकर नगर पंचायत क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top