• Home
  • रायबरेली
  • विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण अभियान का शुभारम्भ

विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण अभियान का शुभारम्भ

रायबरेली। खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग मंत्री डॉ० मनोज कुमार पाण्डेय ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद के विकास खण्ड राही अंतर्गत ग्राम कटिहार (पोस्ट भाव) में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ थीम के तहत वृक्षारोपण कर वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने अपनी माताजी के नाम एक पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि आज देश में प्रधानमंत्री के आह्वान पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का शुभारंभ हुआ है। मुझे इस अभियान के शुभारम्भ का अवसर प्राप्त हुआ और मैंने अपनी माँ के नाम एक पेड़ लगाकर जनपद में वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मैं जनपद एवं क्षेत्र के सभी लोगों से आह्वान करता हूँ कि वे इस दिन को यादगार बनाएं और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें। अपनी माँ के नाम पौधा रोपित कर उसकी नियमित देखभाल करें। यह हमारी माँ के प्रति सम्मान और श्रद्धा व्यक्त करने का एक सार्थक माध्यम है।
मंत्री ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवन का आधार भी हैं। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान भावनात्मक जुड़ाव के साथ-साथ समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करता है।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करें, ताकि वे विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दे सकें। मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्य नहीं है, बल्कि यह एक सतत प्रक्रिया है, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है।
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) प्रखर मिश्र ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में वृहद वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके अंतर्गत आज जनपद के विभिन्न स्थानों पर लगभग 8 लाख पौधे रोपित किए जाएंगे।
इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्रहमान, जिला युवा अधिकारी वर्तिका सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी, एनसीसी के छात्र-छात्राएं तथा क्षेत्रीय निवासी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top