• Home
  • रायबरेली
  • विश्व पर्यावरण दिवस पर किया गया वृक्षारोपण

विश्व पर्यावरण दिवस पर किया गया वृक्षारोपण

रायबरेली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर केंद्रीय विद्यालय के सामने स्थित जजेज कॉलोनी, रायबरेली में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अमित मिश्रा ने कहा कि मानव और प्रकृति का संबंध अत्यंत गहरा है। जहां प्रकृति है, वहीं जीवन है और जब प्रकृति को क्षति पहुंचती है, तो उसका प्रतिकूल प्रभाव मानव जीवन पर भी पड़ता है। प्रकृति मानव को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए आवश्यक संसाधन प्रदान करती है, किन्तु इसके विपरीत मानव द्वारा पर्यावरण को प्रदूषित किया जा रहा है तथा प्राकृतिक संसाधनों का अत्यधिक दोहन किया जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप पर्यावरण एवं प्रकृति निरंतर क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अनेक प्राकृतिक आपदाओं के पीछे पर्यावरणीय असंतुलन भी एक प्रमुख कारण है। पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। जीवनदायिनी धरती को सुरक्षित एवं रहने योग्य बनाए रखने के लिए वृक्षों और पौधों का संरक्षण तथा पर्यावरण प्रदूषण के कारकों को कम करना अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश, कुटुम्ब न्यायालय, भूपेन्द्र राय, प्रभारी जनपद न्यायाधीश कुशल पाल, नोडल अधिकारी (लोक अदालत) प्रतिमा, अपर जिला जज गुणेन्द्र प्रकाश, पल्लवी प्रकाश, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पवन कुमार सिंह सहित अन्य न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top