रायबरेली। विकास खंड राही परिसर में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित किए गए नए कीर्तिमानों पर आधारित तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का अवलोकन सलोन विधायक अशोक कुमार एवं जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी ने किया। प्रदर्शनी के दौरान विधायक अशोक कुमार ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाएं समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित हैं। आमजन को इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिकतम लाभ उठाना चाहिए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं। नागरिकों को इन योजनाओं के प्रति जागरूक होकर उनका लाभ लेना चाहिए।
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियां सरकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम में अपर जिला सूचना अधिकारी कौशलेन्द्र सिंह, सूचना विभाग के कर्मचारी तथा विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई।





