• Home
  • मथुरा
  • अंजना फाउंडेशन ने 50 क्षय रोगियों को वितरित की पोषण सामग्री

अंजना फाउंडेशन ने 50 क्षय रोगियों को वितरित की पोषण सामग्री

मथुरा। प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जनपद में संचालित 100 दिवसीय सघन टीबी खोज अभियान को जनसहभागिता का निरंतर सहयोग मिल रहा है। इसी क्रम में अंजना फाउंडेशन पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा जिला क्षय रोग केंद्र पर 50 क्षय रोगियों को पोषण सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के अध्यक्ष डॉ. दीपक चतुर्वेदी ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग का नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। उन्होंने कहा कि टीबी मरीजों को समय पर दवा और पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनका मनोबल बढ़ाना भी आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है। जब समाज और सरकार मिलकर कार्य करेंगे, तभी टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकेगा। संस्था की ओर से मरीजों से नियमित दवा लेने, संतुलित पोषण अपनाने और सकारात्मक सोच बनाए रखने की अपील की गई। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. संजीव यादव ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 100 दिवसीय अभियान के दौरान टीबी मरीजों की सक्रिय खोज, जांच और उपचार के साथ-साथ पोषण सहायता भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में डॉ. भूदेव भी उपस्थित रहे। अंजना फाउंडेशन की ओर से पंकज चतुर्वेदी, नितिन, राधा एवं नीरज ने सहभागिता की। वहीं जिला क्षय रोग केंद्र से शिव कुमार, अखिलेश दीक्षित, बिहारी लाल, योगेश दिवाकर, मयंक, नेहा, कविता एवं निश्चल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने, संदिग्ध मरीजों को समय पर जांच के लिए प्रेरित करने तथा जरूरतमंद रोगियों की सहायता के लिए आगे आने का संकल्प लिया। साथ ही अधिक से अधिक लोगों से निक्षय मित्र बनकर टीबी उन्मूलन अभियान में योगदान देने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top