• Home
  • मथुरा
  • अधिकमास को लेकर डीएम-एसएसपी ने गोवर्धन परिक्रमा मार्ग का किया निरीक्षण

अधिकमास को लेकर डीएम-एसएसपी ने गोवर्धन परिक्रमा मार्ग का किया निरीक्षण

मथुरा। पावन अधिकमास के दृष्टिगत जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने संयुक्त रूप से गोवर्धन क्षेत्र का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने विश्व प्रसिद्ध राधाकुंड, मानसी गंगा तथा गोवर्धन परिक्रमा मार्ग का भ्रमण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राधाकुंड पर बैरियर एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं, पर्यटकों, दर्शनार्थियों एवं परिक्रमार्थियों की सुविधा के लिए सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (पीए सिस्टम) के माध्यम से लगातार आवश्यक सूचनाएं प्रसारित की जाएं।

जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी गोवर्धन सुशील कुमार सिंह को निर्देशित किया कि राधाकुंड क्षेत्र में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती कर 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने शिफ्टवार ड्यूटी लगाने और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने पर विशेष जोर दिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने राधाकुंड में स्नान कर रहे श्रद्धालुओं से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए लगाई गई चेन की मजबूती का भी स्वयं परीक्षण किया।

मानसी गंगा के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वहां स्थापित स्वास्थ्य शिविर का जायजा लिया और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य शिविर स्थल पर बड़ा और स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने मानसी गंगा एवं मंदिर परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की भी समीक्षा की और सभी कैमरों को सुचारु रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, उप जिलाधिकारी गोवर्धन सुशील कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर संजय सिंह, क्षेत्राधिकारी गोवर्धन अनिल सिंह, तहसीलदार गोवर्धन बृजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top