फिरोजाबाद। थाना लाइनपार क्षेत्र के रूपसपुर के निकट बुधवार शाम डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चार पहिया वाहनों से लदी एक मालगाड़ी के डिब्बे में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में धुएं का घना गुबार छा गया। जानकारी के अनुसार मालगाड़ी टूंडला से कानपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान रूपसपुर के पास एक डिब्बे में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे दूर-दूर तक धुआं दिखाई देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) तथा रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को घेरकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की तेज लपटों और धुएं के कारण राहत कार्य चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन संयुक्त प्रयासों से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) सत्येंद्र पांडे ने बताया कि मालगाड़ी में चार पहिया वाहन लदे हुए थे। आग लगने के बाद सुरक्षा कारणों से डीएफसी का एक रूट अस्थायी रूप से बाधित कर दिया गया, जबकि दूसरे रूट पर रेल परिचालन जारी रहा। उन्होंने बताया कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। रेलवे प्रशासन और संबंधित विभागों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के कारणों और हुए नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा।





