• Home
  • फिरोजाबाद
  • भाजपा ने बूथ सशक्तिकरण पर दिया जोर, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को किया नमन

भाजपा ने बूथ सशक्तिकरण पर दिया जोर, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को किया नमन

फिरोजाबाद। भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई द्वारा संगठन को बूथ स्तर तक अधिक सशक्त, सक्रिय और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से रविवार को महानगर के विभिन्न मंडलों एवं सेक्टरों में संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। भाजपा महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर के कैंप कार्यालय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 135वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सरोकार, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार और जनभागीदारी से जुड़े प्रधानमंत्री के विचारों को गंभीरता से सुना।

इसके उपरांत भारतीय जनसंघ के संस्थापक, राष्ट्रवादी चिंतक एवं प्रखर शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके राष्ट्रवादी विचारों और देश की एकता एवं अखंडता के लिए किए गए योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। पर्यावरण संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ाते हुए गांधी पार्क में ‘माँ के नाम एक पेड़’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। कार्यकर्ताओं ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेते हुए समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

संगठन की डिजिटल कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कार्यकर्ताओं ने लर्निंग डिजिटल प्लेटफॉर्म टेस्ट में भी भाग लिया। साथ ही प्रत्येक सेक्टर में मासिक बैठकों का आयोजन कर संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा बूथ सशक्तिकरण पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसका समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत बूथ संगठन है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से प्रत्येक कार्यक्रम की फोटो एवं गतिविधियों को सरल ऐप पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे संगठनात्मक कार्यों का प्रभावी दस्तावेजीकरण होगा तथा कार्यों में पारदर्शिता और सक्रियता भी बढ़ेगी। कार्यक्रम में आनंद अग्रवाल, आकाश गुप्ता, शिवम शर्मा, शैलेंद्र कुमार गुप्ता ‘शालू’, मुकुल शुक्ला, ज्ञान श्रीवास्तव, सुनील बिधौलिया, त्रिलोकीनाथ सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top