– दूसरी शादी और बच्चों संग पहुंचीं महिलाओं को लेकर चर्चाएं
फिरोजाबाद। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मंगलवार को मक्खनपुर स्थित जेएमए मैरिज रिसोर्ट में 337 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इनमें 274 हिंदू और 63 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सभी नवदंपतियों को गृहस्थी का सामान भी वितरित किया गया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह के दौरान कुछ ऐसे मामले सामने आए, जिनसे कार्यक्रम चर्चा का विषय बन गया। एक जोड़े से बातचीत के दौरान युवक ने पहले इसे अपनी दूसरी शादी बताया। हालांकि, कुछ देर बाद महिला ने इसे पहली शादी बताते हुए युवक की बात का खंडन कर दिया। दोनों के अलग-अलग बयानों से मौके पर मौजूद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।
वहीं, एक अन्य युवक एक युवती के साथ समारोह स्थल पर मिला। पूछने पर उसने बताया कि युवती उसकी बहन है, जिसकी शादी नवंबर में होनी है और वह केवल उसे समारोह का आशीर्वाद दिलाने के लिए लाया है। इसके अलावा मैरिज रिसोर्ट के बाहर कुछ महिलाएं छोटे बच्चों को गोद में लिए दिखाई दीं, जिन्हें देखकर भी लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि, इन सभी मामलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशासन का कहना है कि योजना के तहत सभी लाभार्थियों के दस्तावेजों का नियमानुसार सत्यापन कराया गया है। किसी भी अनियमितता की शिकायत मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





