• Home
  • State
  • बाढ़ से बांके बिहारी मंदिर का एक रूट बंद

बाढ़ से बांके बिहारी मंदिर का एक रूट बंद

वृंदावन। यमुना नदी का जलस्तर लगातार सातवें दिन भी खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है, जिससे हालात बिगड़ते जा रहे हैं। यमुना का पानी अब वृंदावन के परिक्रमा मार्ग तक पहुंच गया है और वहां घुटनों तक पानी भर गया है। इस कारण ठाकुर बांके बिहारी मंदिर को जाने वाले वीआईपी रूट पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। साथ ही, इस मार्ग पर स्थित पार्किंग स्थल भी जलमग्न हो गए हैं। रूट बंद होने से अब श्रद्धालुओं को विद्यापीठ मार्ग से मंदिर तक पहुंचना पड़ रहा है। लगातार बिगड़ते हालात के चलते श्रद्धालुओं की संख्या में भी गिरावट दर्ज की गई है। अनुमान के अनुसार, दर्शनार्थियों की संख्या में लगभग 30 प्रतिशत की कमी आई है। प्रशासन की ओर से परिक्रमा मार्ग से न जाने की अपील के बावजूद कुछ श्रद्धालु जल भरे मार्गों से होते हुए मंदिर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। डीएम सीपी सिंह ने जानकारी दी कि यमुना का जलस्तर अभी और बढ़ने की संभावना है। वर्तमान में जलस्तर 166.56 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि खतरे का निशान 166 मीटर है। लगातार हो रही बारिश और ताजेवाला बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण स्थिति और गंभीर हो सकती है।प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा के मद्देनजर परिक्रमा मार्ग और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें। अगले 24 से 48 घंटे बेहद संवेदनशील माने जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top