चंदौली। चंदौली में उ0प्र0 पुलिस भर्ती व पदोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों की परीक्षा को निष्पक्ष, नकल-मुक्त, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने सामूहिक रूप से महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज, चंदौली का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग हेतु कंट्रोल रूम का अवलोकन किया और परीक्षा कक्ष में पहुंचकर परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र एवं आधार कार्ड की जांच की। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं केंद्र व्यवस्थापक, साथ ही सेक्टर, जोनल और स्टेट्रिक मजिस्ट्रेट को कड़े निर्देश दिए कि किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि सभी को अपने कार्यों और दायित्वों का शत-प्रतिशत निर्वहन करना अनिवार्य है, और किसी भी केंद्र पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध उचित कार्यवाही की जाएगी।
जनपद में कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर प्रथम दिन दो पालियों में परीक्षा सकुशल सम्पन्न हुई। प्रथम पाली में 3600 अभ्यर्थियों में से 2488 उपस्थित और 1112 अनुपस्थित रहे। वहीं, द्वितीय पाली में 3600 अभ्यर्थियों में से 2606 उपस्थित और 994 अनुपस्थित रहे।





