चंदौली। जनपद में विभिन्न शिक्षक समस्याओं एवं प्रस्तावित शिक्षक समायोजन प्रक्रिया को लेकर एक संगठन की ओर से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में विशेष रूप से आरटीई एक्ट के अनुरूप शिक्षक समायोजन, शिक्षक संकुल चयन प्रक्रिया में समानता, जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों को प्रतिकर अवकाश, दूरस्थ ड्यूटी संशोधन तथा शिक्षकों के समय से वेतन भुगतान जैसी प्रमुख समस्याओं को उठाया गया।
संगठन ने मांग की कि विकासखंड चकिया में हो रहे शिक्षक संकुल चयन को जिले के अन्य विकासखंडों की भांति पारदर्शी तरीके से किया जाए। साथ ही छात्र संख्या के अनुपात में शिक्षकों का समायोजन सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिक्षण व्यवस्था प्रभावित न हो और शिक्षकों के हितों की रक्षा हो सके। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह एवं जिला महामंत्री संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में ब्लॉक अध्यक्ष चकिया सदानंद दुबे, नौगढ़ अध्यक्ष रणविजय सिंह, महेंद्र मौर्य (चकिया), दिवाकर यादव, जितेन्द्र तिवारी, दिनेश मौर्य, विजय विश्वकर्मा, इमरान अली सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।





